नौका विहार के साथ हुआ चंद्रोदय मंदिर के त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का भव्य समापन

वृन्दावन चंद्रोदय मंदिर के त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का समापन नौका विहार महोत्सव के साथ हुआ। देशभर से आए भक्तों ने श्री राधा वृन्दावन चंद्र के दिव्य दर्शन किए।

नौका विहार के साथ हुआ चंद्रोदय मंदिर के त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का भव्य समापन
Special Report- Abhilash Bhatt, Published By- A.K. Mishra

वृन्दावन/जनमत न्यूज़:- चंद्रोदय मंदिर में चल रहे त्रिदिवसीय कार्तिक उत्सव का समापन रविवार को अद्भुत नौका विहार महोत्सव के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र के श्रीविग्रह को विशेष पालकी शोभायात्रा द्वारा मंदिर प्रांगण स्थित कल्याणी तक लाया गया। इसके पश्चात ठाकुरजी को नौका रूपी कुंज महल में विराजमान कर उनकी दिव्य नौका विहार सेवा की गई।

भक्तों ने नौका, कल्याणी और मंदिर प्रांगण को विभिन्न रंग-बिरंगे पुष्पों से सजाया। पुष्पों से अलंकृत नौका पर विराजमान श्री राधा वृन्दावन चंद्र के दर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे वातावरण में भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला और "राधा वृन्दावन चंद्र की जय!" के जयघोष से आकाश गुंजायमान हो उठा।

शयन आरती के दौरान भक्तों ने दामोदर अष्टकम का सामूहिक कीर्तन किया, तत्पश्चात दीपदान कर ठाकुरजी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन क्षण में पूरे मंदिर परिसर में भक्ति की लहरें उमड़ पड़ीं।

इस दिव्य महोत्सव में इस्कॉन बैंगलोर के अनेक केंद्रों से पधारे भक्तों सहित मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु व अन्य राज्यों से सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने इस नौका विहार दर्शन को दुर्लभ, अद्भुत और अविस्मरणीय बताया।