अखिलेश यादव का 52वां जन्मदिन: सीएम से लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तक ने दीं बधाइयां, सियासी रिश्तों पर भी शुरू हुई चर्चा

माजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। सुबह से ही उन्हें देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। राजनीतिक गलियारों में यह दिन सिर्फ एक जन्मदिन नहीं, बल्कि राजनीतिक सौहार्द और भविष्य की रणनीतियों को लेकर चर्चा का केंद्र भी बन गया है।

अखिलेश यादव का 52वां जन्मदिन: सीएम  से लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य  तक ने दीं बधाइयां, सियासी रिश्तों पर भी शुरू हुई चर्चा
Published By - Ambuj Mishra

लखनऊ/ जनमत न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। सुबह से ही उन्हें देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। राजनीतिक गलियारों में यह दिन सिर्फ एक जन्मदिन नहीं, बल्कि राजनीतिक सौहार्द और भविष्य की रणनीतियों को लेकर चर्चा का केंद्र भी बन गया है।

सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!"
मुख्यमंत्री के इस संदेश का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने भी विनम्रता के साथ प्रतिक्रिया दी,"आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।"

यह छोटा-सा संवाद एक बार फिर दोनों दिग्गज नेताओं के बीच सियासी संबंधों को चर्चा में ले आया है। जहां दोनों के राजनीतिक दृष्टिकोण और दल एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाते हैं, वहीं इस तरह की विनम्र बधाइयों से राजनीतिक मर्यादा की झलक भी देखने को मिली।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी X पर लिखा, "सपा प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और महादेव की कृपा से आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें।"

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"

अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भारत में पूरी की और फिर उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं अपने पिता मुलायम सिंह यादव की विरासत को आगे बढ़ाया।

अखिलेश तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्ष 2012 में वे उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने। उस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता हासिल की थी। हालांकि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में उन्हें सफलता नहीं मिली और भारतीय जनता पार्टी सत्ता में बनी रही।