लखीमपुर से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज। पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं सांसद अजय मिश्र टेनी ने अपने संसदीय कार्यालय पर आयोजित बैठक में केंद्रीय बजट की प्रमुख बातों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में उन्होंने बजट को देश के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
अजय मिश्र टेनी ने कहा कि प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश की आर्थिक गति को बनाए रखने के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के समग्र उत्थान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संतुलित विकास स्थापित करना तथा युवाओं, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाना है।
सांसद ने कहा कि बजट में सभी जाति, धर्म और वर्ग को समान अवसर प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने, आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने और कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही खेल क्षेत्र को भी प्राथमिकता देते हुए युवाओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को सशक्त करेगा और देश को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। बजट में रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास और निवेश को बढ़ावा देने के उपाय शामिल किए गए हैं, जिससे आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
अंत में अजय मिश्र टेनी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।