दहशत फैलाने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, दो अवैध तमंचे व कारतूस बरामद

गिरफ्तार सभी आरोपी कस्बा खीरी के निवासी हैं और उनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

दहशत फैलाने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, दो अवैध तमंचे व कारतूस बरामद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

 लखीमपुर से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —

लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज। थाना खीरी क्षेत्र के कस्बा खीरी स्थित मोहल्ला कटरा चौराहा पर देर शाम दहशत का माहौल बनाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे एवं जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कटरा चौराहा क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हथियारों के साथ घूमकर दहशत फैलाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष निराला तिवारी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी पटेल राठी की टीम ने तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए।

बताया गया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी कस्बा खीरी के निवासी हैं और उनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और शांति व्यवस्था बनी रहे।