नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने 48 घंटे के अंदर दो आरोपी को किया गिरफ्तार
शाम करीब 7 बजे बालिका गांव के पास खेत में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवकों ने उसे अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली /जनमत न्यूज। रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे बालिका गांव के पास खेत में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवकों ने उसे अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सलोन व प्रभारी निरीक्षक नसीराबाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना नसीराबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में उमेश पुत्र श्रीराम माली निवासी ग्राम बासूपुर मजरे चतुरपुर थाना नसीराबाद कुलदीप सिंह पुत्र कमल सिंह निवासी ग्राम बिसावा थाना नसीराबाद शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई में उ.नि. करुणाशंकर तिवारी, उ.नि. गौरव व मु.उ.आ. साबिर अली की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Janmat News 
