डीजे पर नाचने को लेकर विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पांच नामजद पर मुकदमा दर्ज

डीजे पर नाचने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर मुनीब ने बीच-बचाव या टिप्पणी कर दी, जिससे नाराज होकर कुछ युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

डीजे पर नाचने को लेकर विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पांच नामजद पर मुकदमा दर्ज
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

गोरखपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट —

गोरखपुर/जनमत न्यूज। गोरखपुर जिले में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सहजनवां थाना क्षेत्र के चिरईयाढाड़ गांव निवासी मुनीब चौहान अपने भाई की साली की शादी में शामिल होने सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजनपुर गांव गया था। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को आयोजित शादी समारोह में बारात कनैला गांव से हरिजनपुर पहुंची थी। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर मुनीब ने बीच-बचाव या टिप्पणी कर दी, जिससे नाराज होकर कुछ युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में मुनीब गंभीर रूप से घायल हो गया। पिटाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक उसे पीटते नजर आ रहे हैं। गंभीर अवस्था में उसे मंगलवार रात जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।

मृतक की बहन सरोजा देवी ने सिकरीगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि मुनीब चार भाइयों में सबसे छोटा था और बीएसएफ की तैयारी कर रहा था। परिवार में एक भाई दुबई में कार्यरत है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मुनीब चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।