औरैया: अजीतमल पुलिस ने चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; दो लाख नकद बरामद
उप्र के औरैया जनपद की थाना अजीतमल पुलिस टीम ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद की थाना अजीतमल पुलिस टीम ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान को बेचकर प्राप्त किए गए दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जनपद सहित आसपास के जिलों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी अजीतमल के पर्यवेक्षण में थाना अजीतमल पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
अजीतमल थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 161/26 धारा 331(4)/305 बीएनएस तथा अन्य दो मुकदमों 240/26 और 260/26 धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस का खुलासा करते हुए पुलिस ने सज्जन सिंह पुत्र गया प्रसाद राजपूत निवासी नन्दपुर थाना दिबियापुर और बृजेश कुमार पुत्र मिजाजीलाल अहिरवार निवासी निमझना थाना दिबियापुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दिनांक 18 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर नगला भोज गांव मोड़ के पास से दोनों अभियुक्तों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सूने घरों की रेकी कर रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गढ़ा आजाद नगर और ग्राम पृथ्वीपुर में हुई चोरी की घटनाओं में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बेचकर मिले पैसों का आपस में बंटवारा करने आए थे।
ग्राम पृथ्वीपुर निवासी महिला द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में बताया गया था कि अज्ञात चोरों ने रात में घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नकद, अंगूठी, पायल, कानों के टॉप्स और मंगलसूत्र चोरी कर लिया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. सज्जन सिंह पुत्र गया प्रसाद राजपूत, निवासी नन्दपुर, थाना दिबियापुर, उम्र करीब 26 वर्ष।
2. बृजेश कुमार पुत्र मिजाजीलाल अहिरवार, निवासी निमझना, थाना दिबियापुर, उम्र करीब 25 वर्ष।
पुलिस टीम
- थाना प्रभारी रमेश सिंह, थाना अजीतमल मय हमराह
- उपनिरीक्षक अभय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी अटसू
- उपनिरीक्षक संजीव कुमार सिंह थाना अजीतमल सहित पुलिस टीम
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

Janmat News 
