बलरामपुर में पेट्रोल पंप पर युवक की पिटाई, 56 सेकंड का वीडियो वायरल
उप्र के बलरामपुर जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात पेट्रोल पंप पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक 56 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात पेट्रोल पंप पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक 56 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक युवक की सरेआम पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना गंगाडीहवा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की है। पेट्रोल-डीजल को लेकर चल रही अफवाहों के बीच पंपों पर भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान देर रात पंप बंद होने के बावजूद कुछ लोग पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक अपने साथियों के साथ जबरन पेट्रोल भरवाने की जिद करने लगा। कर्मचारियों के मना करने पर वह उनसे उलझ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने वहां मौजूद एक व्यक्ति पुद्दीलाल को दांत से काटकर घायल कर दिया।
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और 5-6 लोगों ने मिलकर युवक की पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक को पकड़कर मारते नजर आ रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति डंडे से वार करता भी दिख रहा है। इस दौरान युवक की मां उसे बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
