अयोध्या में दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, आईजी ने किया रूट मार्च
आईजी प्रवीण कुमार ने रविवार को सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए शहर के मिश्रित इलाकों में सिविल पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ रूट मार्च किया। इस दौरान उन्होंने जनता को सुरक्षा का एहसास कराया और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने की चेतावनी दी।

अयोध्या/जनमत न्यूज। दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। आईजी प्रवीण कुमार ने रविवार को सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए शहर के मिश्रित इलाकों में सिविल पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ रूट मार्च किया। इस दौरान उन्होंने जनता को सुरक्षा का एहसास कराया और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने की चेतावनी दी।
आईजी ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से लगातार निगरानी की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और प्रत्येक मामले को गंभीरता से निपटाया जाएगा।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्रा जीआईसी मैदान से गुप्तार घाट के निर्मली कुंड तक जाएगी। जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सभी थानों पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया है।
आईजी प्रवीण कुमार ने दुर्गा पंडालों का भी निरीक्षण किया और विद्युत तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने आयोजकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आश्वस्त किया कि महोत्सव को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।