महिला की जान लेने वाला तेंदुआ पकड़ाया, ट्रांस गेरुआ के जंगलों में छोड़ा गया

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरवा गांव में आतंक मचाने वाले तेंदुए को वन विभाग ने आखिरकार पकड़ लिया है।..

महिला की जान लेने वाला तेंदुआ पकड़ाया, ट्रांस गेरुआ के जंगलों में छोड़ा गया
Published By: Satish Kashyap

बहराइच/जनमत :उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरवा गांव में आतंक मचाने वाले तेंदुए को वन विभाग ने आखिरकार पकड़ लिया है। छह दिन पहले इसी तेंदुए ने छत पर सो रही महिला जाहिरा पर हमला कर उसे मार डाला था। इसके बाद से ही क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल था।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। गुरुवार रात को तेंदुआ शिकार की तलाश में फिर लौटा और बकरी के लालच में पिंजरे में फंस गया।
कतर्नियाघाट रेंज कार्यालय लाए गए इस तेंदुए का वजन 45 किलोग्राम है और यह एक मादा तेंदुआ है।

वन अधिकारी रोहित यादव ने बताया कि तेंदुआ अक्सर शिकार वाली जगह पर वापस आता है, इसी आदत के चलते वह दोबारा अयोध्यापुरवा पहुंचा और पकड़ में आ गया।
डीएफओ बी शिवशंकर ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया है। उसे शुक्रवार को ट्रांस गेरुआ के जंगलों में छोड़ दिया गया।

इसी दौरान सुजौली रेंज के 2755 गांव में हाथियों ने गन्ने की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के झुंड ने खेतों में घुसकर करीब पांच बिसवा गन्ने की फसल नष्ट कर दी, जिससे किसानों में हड़कंप मच गया।