प्रतापगढ़: दुष्कर्म के आरोपी से शादी कराने की मांग, एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक रेप पीड़िता पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह रेप के आरोपी प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी।

प्रतापगढ़: दुष्कर्म के आरोपी से शादी कराने की मांग, एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक रेप पीड़िता पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह रेप के आरोपी प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। मामले की खास बात यह है कि युवती ने चार महीने पहले इसी युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी जेल भी गया, लेकिन हाल ही में जमानत पर बाहर आया है।

अब युवती उसी युवक से शादी कराने की मांग पर अड़ी हुई है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे पीआरबी को सूचना मिली कि न्यायालय परिसर स्थित पानी की टंकी पर एक युवती चढ़ गई है।

सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर सर्विस को भी बुलाया गया। टंकी पर मौजूद युवती लगातार एक ही मांग दोहरा रही थी कि उसकी शादी उस युवक से कराई जाए, जिसके खिलाफ उसने पहले मुकदमा दर्ज कराया था।

बताया जा रहा है कि पूनम की 3 साल पहले मध्य प्रदेश में शादी हुई थी लेकिन उसकी शादी टूट गई। इसके बाद एक साल पहले सोशल मीडिया पर दूर के रिश्तेदार शिव वर्मा से दोस्ती हुई। दोनों की बीच अफेयर हो गया। लेकिन बाद में युवक शादी से पीछे हटने लगा।

चार महीने पहले दर्ज कराया था दुष्कर्म का केस

पुलिस जांच में सामने आया कि पूनम वर्मा ने कुछ महीने पहले थाना कोतवाली देहात में शिव वर्मा निवासी मल्हंग का पुरवा के खिलाफ बीएनएस की धारा-69 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। युवती का आरोप था कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि कुछ दिन पहले वह जमानत पर रिहा होकर बाहर आ गया। इसके बाद युवती ने उसी युवक से शादी कराने की मांग शुरू कर दी।

भीड़ देख पुलिस के भी छूटे पसीने टंकी पर युवती के चढ़ने की खबर फैलते ही न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वकील, वादकारी और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। युवती बार-बार प्रेमी से शादी कराने की मांग दोहराती रही।

पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति को देखते हुए फायर सर्विस की टीम ने भी मोर्चा संभाला। करीब एक घंटे तक समझाइश और बातचीत का दौर चलता रहा।

फायर टीम ने नीचे उतारा काफी प्रयासों के बाद पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम युवती को सकुशल नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर परिजनों और अधिकारियों से बातचीत कराई गई।

पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक वर्तमान में जमानत पर बाहर है और युवती की मांग को लेकर आवश्यक कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के दौरान न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए हलचल जरूर रही, लेकिन बाद में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर प्रेम संबंध, कानूनी विवाद और सामाजिक दबाव के जटिल पहलुओं को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। प्रतापगढ़ में दिनभर यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि करीब 45 मिनट तक रेस्क्यू करके वह पानी की टंकी से युवती को नीचे उतार लिया गया। युवती के परिजनों को बुलाया गया आरोपी युवक से शादी करने के जिद पर अड़ी थी, हालांकि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।