हरदोई में 21 जून को 6 केंद्रों पर आयोजित होगी NEET परीक्षा, 2379 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

उप्र के हरदोई जनपद में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी तरह से पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है।

हरदोई में 21 जून को 6 केंद्रों पर आयोजित होगी NEET परीक्षा, 2379 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी तरह से पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है।

परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सख्त हिदायत दी गई है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली देहात और शहर क्षेत्र में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के बेहद पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस बार परीक्षा में 2,379 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन से लेकर केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है।

एसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान खलल डालने वाले या अनुचित साधनों का प्रयोग कराने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सतर्क नजर है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा का घेरा कड़ा रहेगा और खुफिया विभाग को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के मानकों के अनुरूप सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था समय से दुरुस्त कर ली जाए। प्रशासन का दावा है कि पुख्ता तैयारियों के चलते परीक्षा पूरी तरह सकुशल, शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगी।