होली से पहले महराजगंज में अवैध शराब के अड्डों पर प्रशासन का ‘सर्जिकल स्ट्राइक'

होली के मद्देनजर मांग बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सख्ती शुरू कर दी है।

होली से पहले महराजगंज में अवैध शराब के अड्डों पर प्रशासन का ‘सर्जिकल स्ट्राइक'
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

महराजगंज से नवीन मिश्रा की रिपोर्ट —

महराजगंज/जनमत न्यूज। होली पर्व को देखते हुए प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नौतनवां तहसील क्षेत्र में आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जंगलों और नदी किनारों के पास संचालित गुप्त अड्डों पर छापेमारी कर अवैध शराब के धंधे पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ किया।

छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 6 कुंतल लहन (कच्ची शराब बनाने की सामग्री) नष्ट कर दी। मौके से अवैध शराब के एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया गया, जिसे आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शराब बनाने में प्रयुक्त भट्ठियों और बर्तनों को मौके पर ही तोड़कर नष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा इस तरह का अवैध कारोबार संचालित न हो सके।

नौतनवां तहसील क्षेत्र के सेमरहवां और कजरी मुसहर इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इन इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। होली के मद्देनजर मांग बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सख्ती शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि जंगलों और नदी किनारों के पास बने गुप्त ठिकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब कारोबारियों में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

संयुक्त टीम ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।