होली से पहले गोरखपुर में फूड विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7 कुंतल संदिग्ध खोवा जब्त
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर और होली पर्व के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
गोरखपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट —
गोरखपुर/जनमत न्यूज। होली पर्व से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 कुंतल संदिग्ध खोवा जब्त किया है। यह खेप एक निजी बोलेरो वाहन से लाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में खोवा की गुणवत्ता खराब पाई गई, जिसके बाद पूरी खेप को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग आगामी होली पर्व को देखते हुए अलर्ट मोड में है। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेन मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन टीमें लगातार छापेमारी अभियान चला रही हैं।
शनिवार तड़के करीब 4 बजे राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो गाड़ी (यूपी 63 एए 8912) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 14 बोरी खोवा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन लगभग 7 कुंतल बताया गया। प्रथम दृष्टया गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर पूरी खेप को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर और होली पर्व के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जब्त किए गए खोवा के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फूड विभाग की लगातार छापेमारी से मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और निजी बस स्टैंड पर भी सघन चेकिंग अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Janmat News 
