48 घंटे में तीन हत्याओं से दहशत फैलाने वाला गुरप्रीत पुलिस मुठभेड़ में ढेर

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह ने दो दिनों के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर पूरे जिले और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में भय का माहौल पैदा कर दिया था।

48 घंटे में तीन हत्याओं से दहशत फैलाने वाला गुरप्रीत पुलिस मुठभेड़ में ढेर
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चन्दौली/जनमत न्यूज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में पिछले 48 घंटों से दहशत का पर्याय बने ट्रिपल मर्डर आरोपी गुरप्रीत सिंह का सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। सकलडीहा थाना क्षेत्र के दरियापुर इलाके में घटना के रिक्रिएशन और लोकेशन इन्वेस्टिगेशन के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह ने दो दिनों के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर पूरे जिले और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में भय का माहौल पैदा कर दिया था। आरोपी ने पहले दो अलग-अलग ट्रेनों — एक पैसेंजर ट्रेन और जम्मूतवी एक्सप्रेस — में यात्रियों की गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद सोमवार सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में घुसकर भर्ती महिला मरीज की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी।

अस्पताल में हत्या के बाद मौजूद लोगों और स्थानीय नागरिकों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही थी और घटनाओं से जुड़े साक्ष्य जुटा रही थी।

एसपी आकाश पटेल के अनुसार, पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थलों पर ले जाकर वारदात का रिक्रिएशन कर रही थी। पहले उसे मुगलसराय स्टेशन और बाद में कुचमन रेलवे स्टेशन के पास ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी को दो गोलियां लगीं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पंजाब के अमृतसर का निवासी था और पहले भारतीय सेना में कार्यरत रह चुका था। वर्ष 2021 में उसे सेना से पदच्युत कर दिया गया था। हाल ही में वह बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था, लेकिन अत्यधिक शराब सेवन के कारण नौकरी से निकाल दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब के नशे में बिना किसी स्पष्ट वजह के लोगों को निशाना बना रहा था। अब तक की जांच में किसी व्यक्तिगत रंजिश या सुनियोजित साजिश की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रिवॉल्वर और काटकर छोटा की गई डबल बैरल गन बरामद की है। बरामद हथियारों की जांच की जा रही है और पूरे मामले में विस्तृत जांच जारी है।

लगातार तीन हत्याओं के बाद चंदौली जनपद और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में दहशत का माहौल था। आरोपी के मारे जाने के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेहद कम समय में इस सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी को ढेर कर दिया।