रायबरेली: सई नदी में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में मचा हड़कंप

उप्र के रायबरेली जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र स्थित आस्तिक बाबा मंदिर के पास सई नदी में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

रायबरेली: सई नदी में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में मचा हड़कंप
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र स्थित आस्तिक बाबा मंदिर के पास सई नदी में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना पर हरचंदपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। महिला की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। यह घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के आस्तिक बाबा मंदिर स्थित सई नदी की है, जहां शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।