औरैया के दिबियापुर की मेघना आर्या ने हासिल की पीएचडी की उपाधि, बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर के गुंजन रोड निवासी एवं वर्तमान में आगरा में तैनात डॉ. विनीत व्यास की भांजी मेघना आर्या ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्राप्त की है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर के गुंजन रोड निवासी एवं वर्तमान में आगरा में तैनात डॉ. विनीत व्यास की भांजी मेघना आर्या ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ दिबियापुर क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
मेघना आर्या, कर्नल अरुण कुमार की पुत्री, ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ (केंद्रीय विश्वविद्यालय) के बायोसाइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी विद्यापीठ के बायोटेक्नोलॉजी विभाग से बायोटेक्नोलॉजी विषय में पीएचडी की है। उन्होंने अपनी शोध उपाधि वर्ष 2024 में पूरी की।
मेघना के शोध का विषय “भारत के भू-तापीय झरनों में सेल्यूलोज को विघटित करने वाले एंजाइमों का अन्वेषणात्मक विश्लेषण” रहा। इस शोध के माध्यम से उन्होंने भारत के भू-तापीय झरनों में पाए जाने वाले ऐसे सूक्ष्मजीवों एवं एंजाइमों के अध्ययन पर कार्य किया, जो सेल्यूलोज के विघटन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका शोध जैव प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरणीय अनुसंधान के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा सकता है।
विश्वविद्यालय की ओर से उनकी पीएचडी उपाधि का प्रमाण पत्र 29 अगस्त को विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त करते समय मेघना आर्या ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, शिक्षकों एवं शोध कार्य में मार्गदर्शन देने वाले सभी लोगों को दिया।
मेघना की इस उपलब्धि की जानकारी मिलने पर दिबियापुर के गुंजन रोड निवासी उनके मामा डॉ. विनीत व्यास सहित परिवार के सदस्यों और परिचितों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि मेघना ने अपनी मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण से परिवार के साथ-साथ दिबियापुर क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है। पीएचडी उपाधि प्राप्त करने के बाद मेघना आर्या को विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।




