बलरामपुर: नवजात बच्ची को खेत में छोड़ा, मां और नानी गिरफ्तार; लोक-लाज के डर से उठाया कदम
उप्र के बलरामपुर जनपद के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में करीब 15 दिन पहले धान के खेत में कपड़े में लिपटी मिली नवजात बच्ची को मरने के लिए छोड़ने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में करीब 15 दिन पहले धान के खेत में कपड़े में लिपटी मिली नवजात बच्ची को मरने के लिए छोड़ने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में बच्ची की मां और उसकी नानी को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में दोनों ने लोक-लाज के डर से नवजात को निर्जन स्थान पर छोड़ने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, घटना में महिला के एक रिश्तेदार बहनोई साजन की भी भूमिका सामने आई है। उसकी तलाश की जा रही है।
मामला 17 सितंबर की सुबह करीब 5:25 बजे का है। ग्राम किठुरा के एक धान के खेत में करीब एक दिन की नवजात बच्ची सफेद कपड़े में लिपटी मिली थी। बच्ची की हालत बेहद खराब थी और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था।
सूचना पर पीआरवी-5455 मौके पर पहुंची। पीआरवी कमांडर कांस्टेबल सुशांत तिवारी और पायलट होमगार्ड विजय सिंह ने बच्ची को धान के खेत से निकालकर तत्काल सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
बच्ची को संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर के महिला प्रसव वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। समय रहते अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच गई। वर्तमान में बच्ची की स्थिति ठीक बताई जा रही है।



