चन्दौली: राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर के विरोध में कांग्रेस का धरना, मुकदमा वापस लेने की मांग
उप्र के चन्दौली जनपद में सोमवार को मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सुभाष पार्क में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद में सोमवार को मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सुभाष पार्क में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एफआईआर को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और निराधार बताया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने थाना मुगलसराय के कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह को ज्ञापन सौंपकर मुकदमा वापस लेने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के दौरान भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा कथित रूप से जातिवादी टिप्पणी करने के साथ शुद्धिकरण अनुष्ठान किया गया।
उन्होंने कहा कि इस घटना के विरोध में राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया, जो पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दलित समाज के सम्मान और अधिकारों के पक्ष में आवाज उठाई है। कांग्रेस नेता ने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल निरस्त की जाए तथा कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सामाजिक अन्याय और जातिगत भेदभाव के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। धरने में दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, संगीता सिंह, कन्हैया मोदनवाल, दिलीप पाल, राकेश चौधरी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




