तरनतारन में मूसलधार बारिश के चलते मकान की छत ढहने से एक ही परिवार के 5 सदस्य जिंदगी से हाथ धो बैठे।
गांव पंडोरी गोला में भारी बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई, जिससे एक मजदूर परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दबकर जान से हाथ धो बैठे। मृतकों में गोविंदा, उसकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी शामिल थे। गांववासियों ने काफी प्रयासों के बाद मलबे से शवों को निकाला।

पंजाब(जनमत): गांव पंडोरी गोला में भारी बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई, जिससे एक मजदूर परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दबकर जान से हाथ धो बैठे। मृतकों में गोविंदा, उसकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी शामिल थे। गांववासियों ने काफी प्रयासों के बाद मलबे से शवों को निकाला।
विधानसभा क्षेत्र खडूर साहिब के पंडोरी गोला गांव निवासी गोविंद सिंह अपनी मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का पालन पोषण करता था। शुक्रवार को बारिश के कारण उसके घर की छत पर पानी आ गया था। लकड़ी की बनी छत अचानक रात के समय गिर गई। उस समय गोविंद सिंह, उसकी पत्नी अमरजीत कौर, बेटा गुरबाज सिंह, गुरलाल सिंह और बेटी एकम कमरे में सो रहे थे और वे मलबे में दब गए। आस-पास के लोगों ने शोर सुना और तत्काल मलबा हटाने की कोशिश की। घंटों की मेहनत के बाद मलबे से पांच शवों को बाहर निकाला गया। बाद में, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांववासियों जैसे बलदेव सिंह, कुलविंदर सिंह, रतन सिंह, केवल सिंह, उजागर सिंह, चंद्रजीत कौर, बलजीत कौर और महेंद्र कौर ने बताया कि गोविंद सिंह अपनी मेहनत से परिवार का गुजारा करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी, जिसके कारण वह अपनी छत की मरम्मत नहीं कर पाया था। रात को परिवार ने एक साथ खाना खाया और सोने गए थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा हादसा हो जाएगा, जिससे पूरे परिवार के पांच सदस्य अपनी जान गंवा देंगे। जिले के डीसी राहुल कुमार ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को पंजाब के अधिकतर जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इसके कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई, और कई जिलों में तेज हवाओं के कारण गेहूं और सरसों की फसलें खेतों में गिर गईं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई। बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में भी गिरावट आई।
Published By: Satish Kashyap