जन औषधि सप्ताह 2026 का शुभारंभ, मुफ्त जांच शिविर में 60 से अधिक मरीजों को मिला लाभ

जन औषधि सप्ताह का यह आयोजन न केवल सस्ती दवाओं की उपलब्धता का संदेश देता है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास है।

जन औषधि सप्ताह 2026 का शुभारंभ, मुफ्त जांच शिविर में 60 से अधिक मरीजों को मिला लाभ
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

लखनऊ से शैलेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट —

लखनऊ/जनमत न्यूज। एक मार्च से शुरू हुए आठवें जन औषधि सप्ताह 2026 के प्रथम दिवस पर महानगर स्थित गोल मार्केट के जन औषधि केंद्र में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन औषधि सप्ताह का उद्देश्य आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज सेविका श्रीमती आरती मिश्रा ने फीता काटकर किया। उन्होंने जन औषधि योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आम लोगों को किफायती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से जन औषधि केंद्रों से दवाएं लेने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नफीस अहमद ने मरीजों को मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। साथ ही मरीजों की निशुल्क शुगर जांच और सीबीसी जांच की गई। जरूरतमंदों को औषधियां भी वितरित की गईं। डॉ. नफीस अहमद और फार्मासिस्ट वैष्णवी शुक्ला ने 60 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित जांच कराने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान जन औषधि के नोडल अधिकारी श्री नितिन सिंह और केंद्र संचालक विनय शुक्ला भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि जन औषधि सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।

जन औषधि सप्ताह का यह आयोजन न केवल सस्ती दवाओं की उपलब्धता का संदेश देता है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास है।