मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखों की बड़ी खेप बरामद, दो गिरफ्तार; 740 किलो पटाखों के साथ वाहन जब्त
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के SSP सूरज कुमार राय के निर्देशन में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सूरज कुमार राय के निर्देशन में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 34 कार्टूनों में करीब 740 किलोग्राम विभिन्न कंपनियों के पटाखे, एक महिंद्रा पिकअप और एक महिंद्रा सुपरो वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार और थाना प्रभारी छपार मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 अक्टूबर को खामपुर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। महिंद्रा सुपरो से 16 कार्टूनों में 323 किलोग्राम तथा महिंद्रा पिकअप से 18 कार्टूनों में 417 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से सहारनपुर निवासी सजल शर्मा (29) और धर्मेंद्र (28) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटाखों के परिवहन और बिक्री का लाइसेंस नहीं होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे सहारनपुर से पटाखे खरीदकर मेरठ में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने जा रहे थे।
इस मामले में थाना छपार पर मुकदमा संख्या 219/2026, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1884 की धारा 5/9(बी)1(ए) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी मोहित कुमार, उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक शुभम चौहान तथा कांस्टेबल किशोर कुमार, सुमित कुमार, सतेन्द्र कुमार, सचिन कुमार और विकास कुमार शामिल रहे।
मुजफ्फरनगर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध पटाखों के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



