रंगदारी व रुपये के विवाद में बदमाशों ने की सरेआम फायरिंग, फैलाई दहशत
अचानक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी।
रायबरेली/जनमत न्यूज़। शहर कोतवाली क्षेत्र के कैपरगंज में सोमवार देर शाम बदमाशों ने सरेआम हवाई फायरिंग कर पूरे इलाके में आतंक का माहौल पैदा कर दिया। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी।
देर रात पुलिस ने तीन आरोपियों—अनिल दुबे, चांद अंसारी और जसप्रीत उर्फ जस्सी—को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो नामजद आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार ने आश्वस्त किया है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित हंसराज निवासी गोरा बाजार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रुपये के लेनदेन और रंगदारी को लेकर आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि अनिल दुबे गैंग के सदस्य उसके कैपरगंज स्थित ऑफिस पहुंचे और रंगदारी की मांग करते हुए उसे लात-घूसों से पीटा। जाते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया।
घटना के दौरान की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पुलिस ने इस मामले में जसप्रीत, सत्येंद्र सोनकर, चांद अंसारी, अनिल दुबे और अल्तमश समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सूत्रों के मुताबिक विवाद की जड़ ऑनलाइन सट्टे से संबंधित हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

Janmat News 
