सीतापुर नगर पालिका में बड़ा प्रशासनिक एक्शन, तत्कालीन EO वैभव त्रिपाठी पर निलंबन की संस्तुति

उप्र की सीतापुर नगर पालिका परिषद में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (EO) वैभव त्रिपाठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

सीतापुर नगर पालिका में बड़ा प्रशासनिक एक्शन, तत्कालीन EO वैभव त्रिपाठी पर निलंबन की संस्तुति
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र की सीतापुर नगर पालिका परिषद में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (EO) वैभव त्रिपाठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। संपत्ति कर वसूली का जिम्मा निजी फर्म को सौंपने के मामले में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने निलंबन और कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति भेजी है।

आरोप है कि लोनी, गाजियाबाद स्थानांतरण के बाद 1 जून 2026 को कार्यमुक्त होने के दिन ही वैभव त्रिपाठी ने लखनऊ की निजी कंपनी ज्ञान जियोमैट्रिक्स प्राइवेट लिमिटेड को सॉफ्टवेयर के जरिए संपत्ति कर वसूली का कार्य सौंपने के लिए अनुबंध और कार्यादेश जारी कर दिया।

मामले में सबसे बड़ा सवाल नगर पालिका बोर्ड की अनुमति को लेकर उठा है। जांच के अनुसार, अनुबंध से पहले बोर्ड की स्वीकृति नहीं ली गई थी। वहीं, शासन स्तर पर डेटा संग्रहण के लिए ई-नगर सेवा पोर्टल पहले से संचालित होने का भी उल्लेख किया गया है।

इस मामले को गंभीर प्रशासनिक अनियमितता और शासनादेशों के उल्लंघन से जुड़ा मानते हुए जिलाधिकारी ने प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग और निदेशक निकाय निदेशालय को कार्रवाई के लिए संस्तुति भेजी है।

अब निगाहें शासन के अगले फैसले पर टिकी हैं। संस्तुति के बाद वैभव त्रिपाठी के खिलाफ निलंबन और अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई पर अंतिम निर्णय शासन स्तर से लिया जाएगा।