मुजफ्फरनगर के शारदेन स्कूल में मिशन शक्ति-6.0 के तहत करियर काउंसलिंग, छात्र-छात्राओं को बताए सफलता के रास्ते
छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण और सही करियर चुनने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत शारदेन स्कूल में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण और सही करियर चुनने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उप्र की मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत शारदेन स्कूल में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
15 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं और व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देकर अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक शिवम शर्मा ने छात्र-छात्राओं को करियर चयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता को पहचानते हुए भविष्य के लिए सही लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS), इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (JEE Main), मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET), राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (CDS),
कर्मचारी चयन आयोग (SSC), बीएड और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को सरकारी सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षा और रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने के अवसरों से भी अवगत कराया गया।
सही दिशा, अनुशासन और मेहनत से मिलेगी सफलता
करियर काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, पाठ्यक्रम की समझ, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझाया गया।
उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप करियर चुनने और तैयारी के लिए विश्वसनीय अध्ययन सामग्री तथा आधिकारिक वेबसाइटों का सहारा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को बताया गया कि सफलता के लिए कठिन परिश्रम के साथ सही दिशा, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी जरूरी है।
इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भविष्य के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए उचित मार्गदर्शन देना है।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



