हरदोई में टप्पेबाजों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश गोली लगने से घायल, साथी फरार
गिरफ्तार बदमाश के पास से 10,900 रुपये नकद, पीड़ित का आधार कार्ड, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद में टप्पेबाजी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई से एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश के पास से नगदी, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब अस्पताल के बाहर खड़े श्रवण कुमार को दो युवकों ने रास्ता बताने और सांडी तिराहे तक छोड़ने के बहाने अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में उतारने के बाद श्रवण कुमार ने अपनी जेब देखी तो उसमें रखे 20,000 रुपये और आधार कार्ड गायब थे। मामले की शिकायत थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने शीघ्र अनावरण के लिए विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी अनटवा से कन्नौज की ओर जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस ने गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। रुकने का संकेत देने पर वे बाइक समेत भागने लगे, लेकिन जल्दबाजी में वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलियां चलाईं जिसमें प्रदीप उर्फ दीपू पुत्र दीपक निवासी कस्बा बाद, थाना तिर्वा, जिला कन्नौज के पैर में गोली लग गई और वह घायल अवस्था में दबोच लिया गया। उसका साथी मौके से भाग निकला जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार बदमाश के पास से 10,900 रुपये नकद, पीड़ित का आधार कार्ड, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल विजय प्रताप सिंह भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Janmat News 
