प्रतापगढ़: हत्या के प्रयास आरोपी सपा प्रवक्ता पर 25 हजार का इनाम घोषित, कंप्यूटर ऑपरेटर की हत्या से जुड़ा है मामला

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर सिंधौर गांव से जुड़े मामले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

प्रतापगढ़: हत्या के प्रयास आरोपी सपा प्रवक्ता पर 25 हजार का इनाम घोषित, कंप्यूटर ऑपरेटर की हत्या से जुड़ा है मामला

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर सिंधौर गांव से जुड़े मामले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

संदीप पर हत्या के प्रयास, मारपीट गाली-गलौज और पुलिस से नोकझोंक समेत कई आरोपों में मुकदमा दर्ज है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा है।

मामला आपूर्ति विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर सौरभ विश्वकर्मा उर्फ मोनू की हत्या के बाद हुए विवाद से जुड़ा है। 13 अगस्त की रात सौरभ की आपसी विवाद और रंजिश में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि वह बाइक से लालगंज से अपने घर लौट रहा था।

हत्याकांड के बाद शव के पोस्टमार्टम के दौरान नगर कोतवाली में अविनाश सरोज ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पोस्टमार्टम हाउस में संदीप विश्वकर्मा ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। अविनाश ने संदीप पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदीप के खिलाफ हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।

पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि संदीप विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। अब पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया है।