प्रतापगढ़: महिला से मिलने पहुंचे अधेड़ की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के परदहा सुमेर गांव में सोमवार देर रात एक अधेड़ की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के परदहा सुमेर गांव में सोमवार देर रात एक अधेड़ की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव निवासी जिलाजीत उर्फ जिल्लू (50) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी और कोई संतान भी नहीं थी।
वह गांव के एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाकर अपना भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों में चर्चा है कि गांव की ही एक महिला से उसके संबंध थे। सोमवार रात करीब दो बजे वह महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था।
वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान लोगों ने लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। जान बचाकर भागने के दौरान वह घर से कुछ दूरी पर स्थित चकमार्ग पर गिर पड़ा, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर आसपुर देवसरा पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि अधेड़ की हत्या हुई है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।



