रामपुर पुलिस ने केबल चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 शातिर गिरफ्तार; 5 क्विंटल एल्यूमिनियम तार बरामद

उप्र के रामपुर जनपद थाना बिलासपुर पुलिस ने केबल चोरी के एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

रामपुर पुलिस ने केबल चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 शातिर गिरफ्तार; 5 क्विंटल एल्यूमिनियम तार बरामद
Published By- Diwaker Mishra

रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट

बिलासपुर (रामपुर)/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद थाना बिलासपुर पुलिस ने केबल चोरी के एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से करीब 5 क्विंटल 40 किलो छीला हुआ एल्यूमिनियम तार, चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, पिकअप वाहन, एक कटर और चार तार छीलने वाली छुरियां बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को माटखेड़ा रोड फ्लाईओवर के पास से बिजली के केबल चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान गिरोह के सात सदस्यों की पहचान हुई।

गुरुवार को एसओजी, सर्विलांस सेल और बिलासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को ईशानगर चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने रामपुर जिले के बिलासपुर, भोट, स्वार, मिलक, खजुरिया, केमरी, टांडा और शहजादनगर थाना क्षेत्रों सहित कई स्थानों पर बिजली के केबल चोरी की अनेक वारदातें कबूल की हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज जी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में महेश, अजहर, इकबाल अहमद, टिटू और जुनैद शामिल हैं। कार्रवाई एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना बिलासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की।