परंपरा और आस्था के संग मनाया गया गुड़िया पीटने का त्योहार
परंपराओं और आस्था से जुड़ा गुड़िया का त्योहार आज रायबरेली शहर में उल्लास और श्रद्धा के माहौल में धूमधाम से मनाया गया।
रायबरेली/जनमत न्यूज। परंपराओं और आस्था से जुड़ा गुड़िया का त्योहार आज रायबरेली शहर में उल्लास और श्रद्धा के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। शहर के मनसा देवी मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शाम को गुड़िया पीटने की रस्म विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने मां मनसा देवी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर के पुजारियों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार गुड़िया पूजन कर परंपरागत तरीके से गुड़िया पीटने की रस्म निभाई।
इस मौके पर शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए। कोतवाली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती कर भीड़ को नियंत्रित किया गया। अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम की व्यवस्था का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुड़िया पीटने का यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। हर साल सावन माह में मनाया जाने वाला यह त्योहार शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवित रखता है। कार्यक्रम सकुशल संपन्न होने पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

Janmat News 
