आक्रोशित ग्रामीण ने पानी की टंकी पर चढ़कर किया हाई वोल्टेज ड्रामा
कृषक का आरोप है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा मांगे गए पैसे नहीं देने के कारण आदेश नहीं बन पा रहा है। वह पिछले करीब एक वर्ष से आदेश बनवाने के लिए अधिकारी कर्मचारियों के चक्कर लगा रहा है।

ललितपुर/जनमत। जहां एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अधिकारियों को टाइट करके उन्हें आम जनमानस का लंबित कार्य जल्द से जल्द निपटाने का दिशा निर्देश दे रहे हैं। इसके साथ ही जनपद स्तरीय अधिकारी लगातार तहसीलों और जिला मुख्यालय पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर एक ही छत के नीचे सभी कार्यों को निपाटने का दावा भी कर रहे हैं। लेकिन वहीं दूसरी ओर अधिकारी कर्मचारी और उनके कार्यालयों के सैकड़ो चक्कर लगाने के बाद आम जनमानस के काम नहीं हो पा रहे हैं। जिससे आम जन मानस में अधिकारियों और शासन प्रशासन के खिलाफ कड़ा आक्रोश देखा जा रहा है। आम जनमानस के इसी कड़े आक्रोश का नमूना उस समय देखने को मिला, जब तहसील पाली में स्थित पानी की टंकी पर ग्राम करमरा का एक किसान सिर्फ इसलिए चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगा, कि वह अपनी जमीन की हदबंदी पुष्ट करने के लिए अधिकारियों का महीनों से चक्कर लगा रहा था और उसका काम नहीं हो पा रहा था। हालांकि अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान को कड़ी मशक्कत से नीचे उतर गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि ग्राम करमारा निवासी खूबसिंह पिता मौनसिंह का सन 2021 से हदबंदी पुष्ट करने के लिए धारा 24 का मुकदमा चल रहा है। बर्ष 2022 में लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक द्वारा विवादित जमीन की नाप तौल भी हो चुकी है। कृषक का आरोप है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा मांगे गए पैसे नहीं देने के कारण आदेश नहीं बन पा रहा है। वह पिछले करीब एक वर्ष से आदेश बनवाने के लिए अधिकारी कर्मचारियों के चक्कर लगा रहा है। लेकिन उसका काम नहीं हो रहा था इसलिए वह आक्रोशित होकर पानी की टंकी पर चढ़ गया था।