संभल पहुंचे सांसद नरेश उत्तम पटेल बोले, भाजपा शीर्ष नेतृत्व झूठ बोलकर जनता को कर रहा गुमराह

नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि लोकसभा के भीतर उन्होंने स्वयं देखा है कि प्रधानमंत्री और भाजपा के बड़े नेता लगातार झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि जो जितना बड़ा नेता है, वह उतना ही बड़ा झूठ बोल रहा है।

संभल पहुंचे सांसद नरेश उत्तम पटेल बोले, भाजपा शीर्ष नेतृत्व झूठ बोलकर जनता को कर रहा गुमराह
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल / जनमत न्यूज। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल ने संभल में सपा विधायक इकबाल महमूद के आवास पहुंचकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि लोकसभा के भीतर उन्होंने स्वयं देखा है कि प्रधानमंत्री और भाजपा के बड़े नेता लगातार झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि जो जितना बड़ा नेता है, वह उतना ही बड़ा झूठ बोल रहा है।

उन्होंने "नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023" का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून लोकसभा और राज्यसभा से पारित होकर राष्ट्रपति की मंजूरी भी प्राप्त कर चुका है, लेकिन भाजपा सरकार जानबूझकर इसे लागू नहीं कर रही है। उनका आरोप था कि भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहती।

सांसद ने कहा कि भाजपा बनने के बाद से पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं का उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने संसद में मांग उठाई थी कि जब महिला आरक्षण कानून बन चुका है तो इसे लागू क्यों नहीं किया जा रहा। यदि 2024 में लागू नहीं किया गया तो 2027 में हर हाल में लागू किया जाए।

नरेश उत्तम पटेल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि वे सच बोलते हैं। उन्होंने भाजपा पर मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष ने कभी महिला आरक्षण का विरोध नहीं किया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ. राम मनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों पर चलती है, जिन्होंने हमेशा नर-नारी समानता की बात की। समाजवादी विचारधारा आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक बराबरी की पक्षधर है, जबकि भाजपा गैर-बराबरी को बढ़ावा देकर पूंजीवाद को मजबूत कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण समाजवादियों की देन है और मुलायम सिंह यादव ने संसद में इसका समर्थन किया था। विपक्ष के सहयोग से यह विधेयक पारित हुआ, लेकिन भाजपा इसे लागू नहीं कर रही है।

131वें संशोधन विधेयक पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब महिला आरक्षण कानून पहले ही बन चुका है तो उसे दोबारा लाने की जरूरत नहीं है। भाजपा बंगाल और तमिलनाडु चुनाव से पहले जनता को भ्रमित करने के लिए यह मुद्दा उठा रही है, ताकि असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।