संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने लगाई फांसी, परिजनों में मचा कोहराम
युवक ईंट-भट्टे में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक घर पर ही मौजूद था। परिजनों को जब काफी देर तक उसकी कोई आहट नहीं मिली तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा, जहां युवक फंदे से लटका मिला।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहा कस्बे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक ईंट-भट्टे में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक घर पर ही मौजूद था। परिजनों को जब काफी देर तक उसकी कोई आहट नहीं मिली तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा, जहां युवक फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बिंदकी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
युवक की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


