मुजफ्फरनगर: भोपा पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद की थाना भोपा पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरनगर: भोपा पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद की थाना भोपा पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 अवैध तमंचे, 15 जिंदा कारतूस (315 बोर) तथा एक स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार ककराला रजवाहे की पुलिया पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान तीनों के पास से एक-एक तमंचा व कारतूस तथा स्कूटी की डिग्गी से सात अतिरिक्त तमंचे और 12 कारतूस बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित, निखिल मलिक और विकास भाटी निवासी जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तमंचे खरीदकर अधिक कीमत पर बेचते थे और इसी उद्देश्य से हथियारों की खेप लेकर जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा गिरोह के नेटवर्क, हथियारों के सप्लायर और खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है।