मुजफ्फरनगर: मिशन शक्ति के तहत जागरूकता अभियान, महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद की महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद की महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया।
इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा विभिन्न सरकारी सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। पुलिस कर्मियों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए उपलब्ध संसाधनों से अवगत कराया।
एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102 तथा एंबुलेंस सेवा-108 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके अलावा जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, उत्पीड़न अथवा अन्य अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों अथवा नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अभियान के दौरान महिला केंद्रित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
इनमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। पुलिस टीमों ने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और पात्रताओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में आत्मनिर्भर और सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य लगातार जारी रहेगा।


