हरदोई के पाली में तीन महिलाओं ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल

उप्र के हरदोई जनपद के पाली कस्बे में रविवार शाम युवक की चप्पलों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में तीन महिलाएं एक युवक को चप्पलों से पीटती नजर आ रही हैं।

हरदोई के पाली में तीन महिलाओं ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पाली कस्बे में रविवार शाम युवक की चप्पलों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में तीन महिलाएं एक युवक को चप्पलों से पीटती नजर आ रही हैं।

महिलाएं युवक को कभी सड़क पर गिराती हैं तो कभी दौड़ा-दौड़ाकर उसकी चप्पलों से पिटाई करती दिखाई देती हैं। युवक भी महिलाओं से गाली-गलौज करता नजर आ रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि महिलाएं पाली कस्बे में बाजार में खरीदारी करने आई थीं।

इसी दौरान मानसिक रूप से मंद बताए जा रहे युवक का पैर एक महिला के पैर पर पड़ गया। इसी बात को लेकर महिलाएं आक्रोशित हो गईं और युवक की पिटाई शुरू कर दी।

देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया और महिलाएं युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर चप्पलों से पीटने लगीं। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

थानाध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी और युवक को अपने साथ थाने ले आई थी। युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे छोड़ दिया गया।

उन्होंने बताया कि अभी तक महिलाओं की ओर से मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।