प्रतापगढ़: बारिश में जर्जर दीवार गिरी, एक परिवार के चार लोग घायल; सात वर्षीय बच्ची गंभीर

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की देहात कोतवाली क्षेत्र के सराय बहेलिया गांव के हनुमान का पुरवा में सोमवार रात बारिश के दौरान जर्जर कच्ची दीवार ढहने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए।

प्रतापगढ़: बारिश में जर्जर दीवार गिरी, एक परिवार के चार लोग घायल; सात वर्षीय बच्ची गंभीर
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की देहात कोतवाली क्षेत्र के सराय बहेलिया गांव के हनुमान का पुरवा में सोमवार रात बारिश के दौरान जर्जर कच्ची दीवार ढहने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। हादसे में सात वर्षीय बच्ची देवांशी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल से एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामबाबू (45) अपनी पत्नी कुसुम और बच्चों देवांशी (7) व दिव्यांशु (5) के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे घर के पीछे स्थित रामभूलन की कच्ची मिट्टी की दीवार बारिश के कारण अचानक ढह गई। दीवार गिरने से रामबाबू के पक्के मकान की पिछली बाउंड्री भी उसकी चपेट में आकर गिर गई। मलबे में परिवार के चारों सदस्य दब गए।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने रात में ही मौके पर पहुंचकर सभी को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने देवांशी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना की सूचना प्रशासन को सोमवार दोपहर करीब तीन बजे मिली।

जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय शाम करीब 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने नियमानुसार सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

घटना की सूचना समय से प्रशासन को नहीं देने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित कर दिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।