Mirzapur Movie Collection: 8वें दिन कालीन भैया को 'हनुमान अंश' ने दिया झटका, Toxic की भी सिट्टी-पिट्टी गुम

भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर फिल्‍म 'हनुमान अंश' का जादू सर चढ़कर बोल रहा है। 'हनुमान अंश' ने कई फिल्मों को तगड़ा झटका दिया है। इसी क्रम में 'मिर्जापुर द मूवी' को रिलीज के बाद पहली बार तगड़ा झटका लगा है।

Mirzapur Movie Collection: 8वें दिन कालीन भैया को 'हनुमान अंश' ने दिया झटका, Toxic की भी सिट्टी-पिट्टी गुम

मुंबई/जनमत न्यूज़। भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर फिल्‍म 'हनुमान अंश' का जादू सर चढ़कर बोल रहा है। 'हनुमान अंश' ने कई फिल्मों को तगड़ा झटका दिया है। इसी क्रम में 'मिर्जापुर द मूवी' को रिलीज के बाद पहली बार तगड़ा झटका लगा है।

पहले हफ्ते में जहां सातों दिन 'मिर्जापुर’ लगातार 'हनुमान अंश' से अधिक कमाई कर रही थी, वहीं दूसरे शुक्रवार को नीम करोली बाबा पर बनी भक्‍त‍ि-ड्रामा ने इसे पटखनी दी है। 'हनुमान अंश' ने चौंकाते हुए 'मिर्जापुर द मूवी' से 1 करोड़ अधिक का नेट बिजनस किया है।

हालांकि, यह गैंगस्‍टर-थ्रिलर अभी भी बहुत अच्‍छी स्‍थ‍िति में है। खासकर, 'हैवान' की फ्लॉप ओपनिंग का सीधा फायदा अब वीकेंड में 'मिर्जापुर द मूवी' को मिलने वाला है। इस बीच, यश की 'टॉक्‍स‍िक' की सिट्टी-पिट्टी गुम हो चुकी है।

शुक्रवार, 11 सितंबर को रिलीज हुई अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 'हैवान' पहले ही दिन पस्‍त हो गई है। प्रियदर्शन के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म ने महज 3.00 करोड़ की नेट कमाई की है।

जबकि 'हनुमान अंश' ने रिलीज के 36वें दिन धमाकेदार 10.50 करोड़ का नेट कलेक्‍शन किया है। इस तरह 'हनुमान अंश' ने जहां देश में 173.63 करोड़ की नेट कमाई कर ली है, वहीं ग्रॉस कमाई 205.15 करोड़ तक पहुंच गई है।

'मिर्जापुर द मूवी' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

Sacnilk के मुताबिक, पहले हफ्ते में शानदार 148.45 करोड़ का नेट बिजनस करने वाली 'मिर्जापुर द मूवी' ने शुक्रवार को 8वें दिन 6763 शोज से 9.50 करोड़ कमाए हैं।

गुरमीत सिंह के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 188.19 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन 157.95 करोड़ हो गया है। हालांकि, यह अभी भी अपने 250 करोड़ के बजट से 93 करोड़ दूर है।

'मिर्जापुर द मूवी' वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन

OTT पर तीन धमाकेदार सीजन के बाद बड़े पर्दे पर आई 'मिर्जापुर द मूवी' का विदेशों में भी अच्‍छा-खासा रुतबा बना हुआ है। फिल्म ने 8वें दिन ओवरसीज मार्केट में 2.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है।

इससे आठ दिनों में कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 38.00 करोड़ हो गया। जबकि देश और दुनिया मिला दें तो 'मिर्जापुर द मूवी' ने वर्ल्‍डवाइड 226.19 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन कर लिया है।

'हैवान' फ्लॉप, वीकेंड में 'मिर्जापुर मूवी' को फायदा

'मिर्जापुद द मूवी' की कमाई में अब वीकेंड में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। शुक्रवार को कमाई गिरी जरूर है, लेकिन बावजूद इसके सिनेमाघरों में फिल्‍म के शोज में 29.0% की ऑक्‍यूपेंसी दर्ज की गई है।

यह वीकडेज के लिहाज से बहुत अच्‍छी मानी जा सकती है। जिस तरह से 'हैवान' बॉक्‍स ऑफिस पर पिटी है, वीकेंड में दर्शकों का रुझान एक बार फिर कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्‍ना भैया के भौकाल की ओर रहने वाला है।

'टॉक्सिक' बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

दूसरी ओर, यश की 'टॉक्‍स‍िक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्‍स' अब अपना बोरिया बिस्‍तर समेटने की मुद्रा में आ गई है। रिलीज के 17वें दिन गीतू मोहनदास के डायरेक्‍शन में बनी 'टॉक्सिक' ने 274 शोज और पांच भाषाओं में महज 26 लाख की नेट कमाई की है।

इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 296.60 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन 248.50 करोड़ तक पहुंचा है। जबकि विदेशों में अब तक हुई 43.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई को जोड़ दें तो 'टॉक्‍स‍िक' ने वर्ल्‍डवाइड 340.10 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन किया है।