प्रदेश के 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। यह संशोधित दरें 01 जुलाई 2025 से लागू होंगी।

प्रदेश के 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

लखनऊ/जनमत न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। यह संशोधित दरें 01 जुलाई 2025 से लागू होंगी। अब कर्मचारियों और पेंशनरों को 55 प्रतिशत के स्थान पर 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता व राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “महंगाई से राहत पहुंचाना और जीवन स्तर में सुधार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दीपावली पर दिया गया यह उपहार संवेदना, सम्मान और सराहना का प्रतीक है, जो उनके जीवन में नई ऊर्जा और समृद्धि लेकर आएगा।”

इस निर्णय से 16.35 लाख कर्मचारियों और 11.52 लाख पेंशनरों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इसमें सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों, कार्यप्रभारित कार्मिकों और यूजीसी वेतनमान वाले कर्मचारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और राहत का भुगतान अक्टूबर 2025 से नकद रूप में किया जाए। इस निर्णय से मार्च 2026 तक सरकार पर ₹1960 करोड़ का अतिरिक्त व्ययभार आएगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार – नवंबर 2025 में ₹795 करोड़ का अतिरिक्त नकद व्ययभार होगा। जुलाई से सितंबर 2025 तक के एरियर भुगतान पर ₹550 करोड़ से अधिक का बोझ पड़ेगा। ओपीएस कर्मियों के जीपीएफ खातों में ₹185 करोड़ जमा किए जाएंगे। दिसंबर 2025 से हर माह ₹245 करोड़ का अतिरिक्त खर्च वहन करेगी राज्य सरकार।

मुख्यमंत्री योगी का यह निर्णय न केवल आर्थिक राहत प्रदान करेगा, बल्कि प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए दीपावली के त्योहार को और अधिक खुशियों से भर देगा।