पूर्व भाजपा विधायक समेत पूर्व चेयरमैन पर अवैध कब्जा करने का मुकदमा दर्ज
मुख्यमंत्री जनता दरबार में 73 वर्षीय राजदुलारी, पत्नी स्व. उमाशंकर, निवासी नगरपालिका भरवारी, ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें पूर्व विधायक संजय गुप्ता की भूमिका भी बताई गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएम के निर्देश पर कोखराज पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया।
कौशांबी/जनमत न्यूज़। कौशांबी जिले में अवैध दस्तावेज़ हेराफेरी और मकान कब्जाने के गंभीर आरोप में चायल विधानसभा के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता संजय गुप्ता तथा पूर्व चेयरमैन व सपा नेता कैलाश चंद्र केसरवानी समेत 7 लोगों के खिलाफ कोखराज थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर की गई।
मुख्यमंत्री जनता दरबार में 73 वर्षीय राजदुलारी, पत्नी स्व. उमाशंकर, निवासी नगरपालिका भरवारी, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भरवारी स्थित उनके मकान पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है, जिसमें पूर्व विधायक संजय गुप्ता की भूमिका भी बताई गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएम के निर्देश पर कोखराज पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता महिला का विवाद उसके परिवार के सदस्यों के बीच चल रहा है, जिसमें उनका कोई भी हस्तक्षेप या भूमिका नहीं है।
गुप्ता ने कहा कि उनके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव से परेशान विरोधियों ने मिलकर यह “साजिशन FIR” दर्ज कराई है। उन्होंने साफ कहा कि न तो वह विवादित मकान से जुड़े हैं, न ही किसी प्रकार की अवैध हेराफेरी में शामिल।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य के उन्हें फंसाया गया है और वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।
उधर, पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। संबंधित पक्षों से पूछताछ का सिलसिला जारी है।

Janmat News 
