मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट —
मैनपुरी/जनमत न्यूज। जनपद के बेवर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब आगरा यूनिट की एसटीएफ टीम ने नकल की गुप्त सूचना पर महाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में अचानक छापा मार दिया। इंटरमीडिएट की गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा के दौरान विद्यालय परिसर के बाहर कॉपियां लिखे जाने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3:30 बजे एसआई योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने विद्यालय में दबिश दी। छापेमारी के दौरान विद्यालय के पीछे कुछ युवक बैठकर उत्तर पुस्तिकाएं लिखते मिले। मौके से आशीष, अनुज, अंकित, शिवम चौहान, अरुण कुमार और अवनीत को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ अन्य आरोपी फरार हो गए।
तलाशी में 12वीं गणित विषय की दो लिखी हुई कॉपियां और जीव विज्ञान का एक प्रश्नपत्र बरामद किया गया। उसी दिन इंटरमीडिएट की गणित और बायोलॉजी की परीक्षा आयोजित थी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई।
मौके पर एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, एसडीएम भोगांव संध्या शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार और सीओ भोगांव राम कृष्ण द्विवेदी सहित थाना पुलिस पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीओ भोगांव ने बताया कि विद्यालय की प्रबंधक ज्योत्सना यादव, केंद्र व्यवस्थापक अंबरीश समेत पकड़े गए छह आरोपियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ नकल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि विद्यालय की मान्यता रद्द करने के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाएगी। साथ ही 25 फरवरी को प्रस्तावित अगली परीक्षा के लिए पूरे परीक्षा केंद्र का स्टाफ बदला जा रहा है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि प्रशासन परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।