हरदोई में बसपा नेता पर CBI का शिकंजा: ‘लोन दिलाने’ के नाम पर घूस लेने के आरोप में बैठक से उठाकर ले गई टीम

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बैंक से लोन दिलाने के नाम पर बसपा नेता ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की और रकम लेने के बाद भी लोन की प्रक्रिया पूरी नहीं कराई।

हरदोई में बसपा नेता पर CBI का शिकंजा: ‘लोन दिलाने’ के नाम पर घूस लेने के आरोप में बैठक से उठाकर ले गई टीम
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जिले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र चौधरी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) की टीम ने पूछताछ के बाद हिरासत में लेकर लखनऊ रवाना कर दिया। आरोप है कि उन्होंने सरकारी योजना के तहत लोन पास कराने के नाम पर एक महिला से 50 हजार रुपये की घूस ली थी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कछौना क्षेत्र के मुसलमाना सपहैया में सुरेश चंद्र चौधरी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली और लखनऊ नंबर की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में कार्यकर्ताओं को लगा कि कोई राजनीतिक कार्यक्रम या विशेष बैठक होने वाली है, लेकिन जैसे ही गाड़ियों से CBI की टीम उतरी, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

CBI अधिकारियों ने मौके पर ही बसपा नेता और उनके एक साथी को हिरासत में लिया और दोनों को कछौना रेलवे गेस्ट हाउस ले जाया गया। यहां करीब छह घंटे तक चली लंबी पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पूछताछ के बाद उनके साथी का मोबाइल फोन जब्त कर उसे छोड़ दिया गया, जबकि सुरेश चंद्र चौधरी को आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ लखनऊ ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बघौली थाना क्षेत्र के अछरामऊ गांव निवासी सीमा नाम की महिला की शिकायत पर की गई है। महिला का आरोप है कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बैंक से लोन दिलाने के नाम पर बसपा नेता ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की और रकम लेने के बाद भी लोन की प्रक्रिया पूरी नहीं कराई। पीड़िता कई दिनों तक बैंक और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाती रही।

मामले में जब जांच एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू की तो बसपा नेता ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोप एक बैंक मैनेजर पर मढ़ने की कोशिश की। उनका कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। हालांकि, CBI टीम ने उनकी दलीलों को दरकिनार करते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें अपने साथ लखनऊ ले गई।

इस कार्रवाई के बाद कछौना कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि युवाओं को रोजगार दिलाने वाली योजना में भ्रष्टाचार का आरोप सामने आना बेहद गंभीर मामला है।

फिलहाल CBI की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और बसपा नेता के खिलाफ क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं।