बरेली: डीजे का काम कर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने की एनकाउंटर की मांग
उप्र के बरेली जनपद में डीजे का काम करके घर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर है। परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग उठाई है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद में डीजे का काम करके घर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर है। परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग उठाई है।
बता दें कि बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। डीजे का काम कर घर लौट रहे युवक अर्जुन मौर्य की रास्ते में रोककर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। अर्जुन मौर्य हत्याकांड के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने हंगामा किया।
परिजनों ने जाम लगाकर आरोपियों के एनकाउंटर की मांग उठाई। परिजनों ने कहा आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी से मोहल्ले में डर का माहौल रहता है।
लोगों का कहना है कि आरोपियों का नाम बताने पर भी जान का खतरा है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अर्जुन के परिजन बोले हमें इंसाफ चाहिए, सख्त कार्रवाई हो। परिजन बोले खून का बदला खून। आरोपियों को सामने लाया जाए। पुलिस की जांच जारी है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Janmat News 
