अमेठी: कोर्ट से जीती जमीन पर कब्जे की कोशिश, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी का आरोप
उप्र के अमेठी जनपद के जायस थाना क्षेत्र के ग्राम चौधराना में भूमि विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। गांव निवासी अब्दुल नसीर ने आरोप लगाया है
स्पेशल रिपोर्ट महताब खान
अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद के जायस थाना क्षेत्र के ग्राम चौधराना में भूमि विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। गांव निवासी अब्दुल नसीर ने आरोप लगाया है कि न्यायालय से फैसला अपने पक्ष में आने के बावजूद दबंग किस्म के लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इतना ही नहीं, विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार गाटा संख्या 1585 एवं 1587 की भूमि को लेकर लंबे समय से न्यायालय में विवाद चल रहा था, जिसका फैसला उनके पक्ष में हो चुका है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष कथित रूप से जमीन पर अपना दावा जताते हुए कब्जे की कोशिश कर रहा है।
अब्दुल नसीर का आरोप है कि पप्पू, रज्जाक, शकील और मुस्ताक पुत्रगण खलील निवासी चौधराना ने खेत में ट्रैक्टर चलाकर नुकसान पहुंचाया और जब उन्होंने विरोध किया तो अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़ित ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जब भूमि विवाद में न्यायालय का फैसला हो चुका है तो फिर कथित तौर पर कब्जे की कोशिश कैसे हो रही है? मामले ने प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पीड़ित न्याय की आस लगाए प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

Janmat News 
