सोनौली बॉर्डर पर चांदी तस्करी का पर्दाफाश, 500 ग्राम चांदी के साथ दबोचा गया जयपुर का युवक
भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं पारगमन मार्ग सोनौली पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक बार फिर तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया।
सोनौली से विजय चौरसिया की रिपोर्ट
सोनौली/ महराजगंज/जनमत न्यूज़। भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं पारगमन मार्ग सोनौली पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक बार फिर तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया।
नियमित जांच अभियान के दौरान जवानों ने 500 ग्राम चांदी के छोटे दानों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो इस कीमती धातु को अवैध रूप से नेपाल ले जाने की कोशिश कर रहा था।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद इकबाल के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जयपुर का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह चांदी जयपुर से खरीदकर नेपाल की राजधानी काठमांडू ले जा रहा था।
भारत-नेपाल सीमा पर हाल के दिनों में लगातार सामने आ रहे चांदी तस्करी के मामलों ने सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी कड़ियां सीमा के दोनों ओर फैली हो सकती हैं।
गौरतलब है कि कुछ महीने पूर्व नौतनवा कस्टम विभाग ने भी एक कार से बड़ी मात्रा में चांदी बरामद कर दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही ऐसी बरामदगियां सीमा पर सक्रिय तस्कर गिरोहों की मौजूदगी की ओर इशारा कर रही हैं।
एसएसबी ने बरामद चांदी और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा के सुपुर्द कर दिया है। मामले की जांच जारी है और अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Janmat News 
