मुजफ्फरनगर में धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर फिर गरमाया मामला, पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कथित धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कथित धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है।हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समय के भीतर पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिला और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन कार्यकर्ताओं के साथ संबंधित महिला के आवास पर पहुंचकर शिव तांडव का आयोजन करेगा तथा हनुमान चालीसा का पाठ करेगा।
संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी प्रशासन को मामले से अवगत कराया था, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित पक्ष लगातार न्याय की मांग कर रहा है, जबकि मामले में देरी की जा रही है।
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगा। वहीं उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

Janmat News 
