रायबरेली: बाग में मिला ट्यूबवेल पर सोने गए व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
उप्र के रायबरेली जनपद के गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र में एक 48 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र में एक 48 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अटौरा निवासी शंभू उर्फ छेद्दू के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शंभू उर्फ छेद्दू बुधवार रात खाना खाने के बाद गांव के बाहर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सोने गया था। गुरुवार सुबह उसका शव पूरे निधि गांव के पास स्थित मालिन बाग में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर गुरबक्शगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि शंभू की हत्या की गई है, जबकि पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Janmat News 
