मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति के तहत चला जागरूकता अभियान, महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में एंटी रोमियो पुलिस टीमों द्वारा मिशन शक्ति-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में एंटी रोमियो पुलिस टीमों द्वारा मिशन शक्ति-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महिला एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा की स्थिति में घबराने के बजाय पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षित वातावरण को लेकर आवश्यक जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बालिकाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। साथ ही उन्हें साइबर अपराध, छेड़छाड़, उत्पीड़न और अन्य किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।
एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने का संदेश भी दिया। पुलिस का यह अभियान महिलाओं को सुरक्षित, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।







