एनटीपीसी औरैया में जिलाधिकारी ने GEM बालिकाओं से किया संवाद, बालिका सशक्तिकरण अभियान की सराहना
उप्र के औरैया जनपद में एनटीपीसी परियोजना में संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 70 बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन बुधवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में देखने को मिला।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में एनटीपीसी परियोजना में संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girl Empowerment Mission-GEM) के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 70 बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन बुधवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में देखने को मिला।
प्रशासनिक भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के जिलाधिकारी श्री बृजेश कुमार ने बालिकाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बृजेश कुमार, एनटीपीसी औरैया परियोजना प्रमुख शुभाशीष गुहा, सभी अपर महाप्रबंधकों एवं जागृति महिला मंडल की समिति सदस्याओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान GEM अभियान के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं ने योग एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बालिकाओं ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन में वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया। उनकी प्रस्तुति में सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की झलक दिखाई दी, जिसे उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और मेहनत के बल पर जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सभी बालिकाएं अपने लक्ष्य को निर्धारित कर आगे बढ़ें और भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकता है।
जिलाधिकारी ने एनटीपीसी औरैया की सराहना करते हुए कहा कि संस्था बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जो प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम में बालिकाओं के तीन सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम, सीखने की प्रक्रिया, कौशल विकास एवं विभिन्न गतिविधियों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से GEM अभियान के उद्देश्य और बालिकाओं में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया गया।
इसके अलावा पर्यावरण से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं परियोजना प्रमुख एनटीपीसी औरैया शुभाशीष गुहा द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, एनटीपीसी औरैया परियोजना प्रमुख शुभाशीष गुहा, सभी अपर महाप्रबंधकगण, जागृति महिला मंडल की समिति सदस्याएं, GEM की फैकल्टी सदस्याएं तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सभी 70 बालिकाएं मौजूद रहीं।
बालिका सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से एनटीपीसी औरैया ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास कर रहा है।

Janmat News 
