फर्रुखाबाद: रिश्वत लेते पकड़ा गया खनन अधिकारी, प्रशासनिक और खनन विभाग में मचा हड़कंप

उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में खनन कार्यों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन टीम ने खनन अधिकारी संजय प्रसाद को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

फर्रुखाबाद: रिश्वत लेते पकड़ा गया खनन अधिकारी, प्रशासनिक और खनन विभाग में मचा हड़कंप
Published By- Diwaker Mishra

फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में खनन कार्यों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन टीम ने खनन अधिकारी संजय प्रसाद को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारी के चालक को भी टीम ने हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार पूर्व जिला पंचायत सदस्य आदेश यादव ने आरोप लगाया था कि खनन संबंधी अनुमति दिलाने के नाम पर खनन अधिकारी द्वारा 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की गई, जिसके बाद टीम ने पूरेमामले का सत्यापन कर कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया गया है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे एंटी करप्शन टीम ने खनन अधिकारी के सरकारी आवास के आसपास जाल बिछाया। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, टीम ने खनन अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद टीम आरोपी अधिकारी और उसके चालक को अपने साथ लेकर फतेहगढ़ कोतवाली पहुंची, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खनन अधिकारी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही प्रशासनिक और खनन विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में एंटी करप्शन टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।